Shravani Mela 2026: देवघर के मंगल तालाब का होगा कायाकल्प, पर्यटन और विश्राम स्थल बनाने की तैयारी

देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला के दौरान लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम ने गुरुवार सुबह नंदन पहाड़ स्थित ऐतिहासिक मंगल तालाब परिसर में वृहद स्वच्छता सह श्रमदान महा-अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य मेला क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना था।
महापौर और नगर आयुक्त की सहभागिता में आयोजित इस अभियान में सहायक नगर आयुक्त, नगर मिशन प्रबंधक, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सेनेटरी इंस्पेक्टर सहित बड़ी संख्या में निगम कर्मियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की लंबी कतारें नंदन पहाड़ तक पहुंचती हैं, ऐसे में मंगल तालाब का विकास श्रद्धालुओं को विश्राम के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा।
नगर निगम ने बताया कि मंगल तालाब के संपूर्ण सौंदर्यीकरण के लिए एक विस्तृत और महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है, जिसे प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। योजना को मंजूरी मिलने के बाद तालाब परिसर का व्यापक कायाकल्प किया जाएगा।
प्रस्तावित योजना के तहत तालाब के चारों ओर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, कांवरियों और पर्यटकों के लिए पेवर ब्लॉक युक्त आकर्षक वॉक-वे, आधुनिक बेंचों की स्थापना, ऐतिहासिक घाटों का जीर्णोद्धार तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक पौधारोपण किया जाएगा। इसके अलावा हरित पट्टी विकसित कर क्षेत्र को अधिक सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जाएगा।
नगर निगम का लक्ष्य मंगल तालाब को केवल स्वच्छ बनाए रखना नहीं, बल्कि इसे स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख पर्यटन एवं आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है। निगम प्रशासन ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान में आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से सक्रिय सहभागिता की अपील भी की है।


