Dhanbad News: मॉन्टफोर्ट एकेडमी में मेधावी छात्रों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत

बाघमारा: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट पहल को लेकर मॉन्टफोर्ट एकेडमी, राजगंज चर्चा में है। मंगलवार को विद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की गई। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि हनीत नारंग ने फीता काटकर योजना का उद्घाटन किया और इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर प्राचार्य राजेश कुमार, डायरेक्टर ऋषि खुराना और डॉ. प्रशांत कुमार ने योजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि योजना से मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन मिलेगा और आर्थिक बाधाओं को भी दूर किया जा सकेगा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, योजना के तहत चयनित छात्रों को अधिकतम 80% तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी, जिससे उनकी वार्षिक फीस का बड़ा हिस्सा माफ हो सकेगा। छात्रवृत्ति के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 24 मार्च से 30 मार्च तक प्रतिदिन दो पालियों में होगा। पहली पाली सुबह 10:00 बजे और दूसरी पाली दोपहर 1:00 बजे आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसमें भाग ले सकें। इस पहल से न केवल प्रतिभाशाली छात्रों को आर्थिक मदद मिलेगी, बल्कि यह उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगी। मॉन्टफोर्ट एकेडमी की यह योजना शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।


