18 वर्षीय बीपोल मंडल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

साहिबगंज: तालझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तालबन्ना गांव में बुधवार देर रात 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालत में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बीपोल मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बीपोल रात 10 बजे घर से निकला था। देर तक नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रात करीब 12 बजे वह घर के सामने बेहोश पड़ा मिला। परिजनों ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।परिजनों का आरोप है कि युवक के गले पर दबाए जाने के निशान हैं। आशंका है कि किसी ने गला दबाकर हत्या कर शव को घर के सामने फेंक दिया।
सूचना पर राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन और तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

