Sahibganj News: वन महोत्सव पर साहिबगंज महाविद्यालय में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, छात्रों ने लगाए पौधे

साहिबगंज महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 77वां वन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रमदान और पौधारोपण के साथ हुई। मुख्य अतिथि साहिबगंज नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण की रक्षा करने का आह्वान किया।

साहिबगंज :  पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साहिबगंज महाविद्यालय में 77वां वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्रमदान एवं पौधारोपण के साथ हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहिबगंज नगर परिषद के अध्यक्ष रामनाथ पासवान थे।

 महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने आगंतुक अतिथि को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर “क्लीन साहिबगंज, ग्रीन साहिबगंज एवं हेल्दी साहिबगंज” की संकल्पना के साथ महाविद्यालय परिवार एवं सम्मानित जनों ने परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण को हरा-भरा रखने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि रामनाथ पासवान ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा वन महोत्सव के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए हम सभी को हर संभव प्रयास करना चाहिए और अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि प्रकृति की रक्षा एवं स्वच्छ, हरा-भरा वातावरण बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसकी देखभाल करें।

कार्यक्रम में मैथिली विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, लाइफ साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मीरा चौधरी, डॉ. संतोष कुमार चौधरी, डॉ. जीसू हांसदा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. अक्षय कुमार वर्मा, डॉ. रूपा दास, प्रो. कुमार प्रशांत भारती सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More