Sahibganj News : बरहरवा की अनदेखी क्यों, ROB निर्माण को लेकर जिला प्रशासन पर उठे सवाल

साहिबगंज : जिला प्रशासन के लिए यह सोचने का विषय है। एक तरफ जिला मुख्यालय में पटेल चौक से बादशाह चौक के बीच ROB (रेलवे ओवरब्रिज) के लिए मापी का काम तेजी से हो रहा है, जो कि सराहनीय है। लेकिन सवाल यह है कि बरहरवा, जो जिले का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक और रणनीतिक प्रखंड है, उसे अनदेखा क्यों किया जा रहा है। बरहरवा के LC गेट नंबर 19 को बंद हुए एक साल से ज्यादा बीत गया। विकल्प के तौर पर दिया गया अंडरपास पूरी तरह से विफल और अनुपयोगी साबित हो रहा है।
जनता आज भी अपनी जान जोखिम में डालकर और मजबूरी में उस रास्ते का इस्तेमाल कर रही है। सवाल उठाना लाजिमी है कि क्या विकास सिर्फ जिला मुख्यालय तक ही सीमित रहेगा? बरहरवा की जनता भी इसी जिले का हिस्सा है और यहाँ भी एक व्यवस्थित ओवरब्रिज (ROB) की सख्त जरूरत है। बरहरवा प्रखंड वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि साहिबगंज की तर्ज पर बरहरवा की समस्याओं का भी स्थायी समाधान निकाला जाए और यहाँ भी जल्द से जल्द ROB का कार्य शुरू किया जाए।


