Sahibganj News: झारखंड शिक्षा परियोजना का आदेश: साहिबगंज के 232 विद्यालयों का तीन दिवसीय ऑडिट

साहिबगंज: झारखंड शिक्षा परियोजना, साहिबगंज द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के वैधानिक अंकेक्षण को लेकर कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी निर्देश के अनुसार, जिले के विभिन्न प्रखंडों के कुल 232 विद्यालयों का अंकेक्षण 4 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक पुलिस लाइन स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय परिसर में किया जाएगा।
संबंधित सभी प्रभारी शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्धारित तिथि पर विद्यालय का लेखा-जोखा, अभिलेख वाउचर, कैशबुक, पासबुक तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 अगस्त को साहिबगंज, मंडरो एवं बोरियो प्रखंड, 5 अगस्त को बरहेट, पतना, एवं बरहरवा तथा 6 अगस्त को उधवा, राजमहल एवं तालझारी प्रखंड के विद्यालयों का अंकेक्षण होगा।
जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालय निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से ऑडिट कराते हुए हस्ताक्षरित तुलन पत्र समय पर जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि राज्य परियोजना कार्यालय को अंतिम प्रतिवेदन समय पर भेजा जा सके। कार्यालय ने यह भी कहा है कि अंकेक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, इसीलिए सभी प्रभारी समय से सभी दस्तावेज दुरुस्त कर के पहुंचें।


