Sahibganj News: विद्या भारती विद्यालय में मनाई गई गोस्वामी तुलसीदास जयंती, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा

साहिबगंज : विद्या भारती विद्यालय, जमुनादास केदारनाथ चौधरी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के वंदना कक्ष में गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। जयंती समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील पंडित ने गोस्वामी तुलसीदास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य सुनील पंडित ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने अपना पूरा जीवन भगवान राम की भक्ति और जनसेवा को समर्पित कर दिया। उन्होंने कठिन संस्कृत ग्रंथों के ज्ञान को सरल अवधी भाषा में आम जनता तक पहुंचाकर साहित्य और धर्म को जन-जन से जोड़ा।
विद्यालय के आचार्य अमित कुमार ने बताया कि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि तुलसीदास ने रामचरित मानस, हनुमान चालीसा, विनय पत्रिका सहित अनेक अमर ग्रंथों की रचना की, जो आज भी समाज को नैतिकता और भक्ति का मार्ग दिखाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्राओं ने भी अपने विचार रखे। कक्षा षष्ठ की सृष्टि कुमारी और निधि कुमारी तथा कक्षा नवम की माही चौरसिया ने गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और साहित्य पर प्रकाश डाला। विद्या विकास समिति, झारखंड की ओर से कक्षा द्वितीय एवं तृतीय के लिए सुलेख प्रतियोगिता, कक्षा चतुर्थ एवं पंचम के लिए चित्रकला प्रतियोगिता एवं कक्षा षष्ठ से दशम तक के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आचार्य अजीत कुमार मालवीय, वेद प्रकाश, संतोष कुमार दास, सोनू शर्मा, किरण कुमारी गुप्ता, लिपिका राज सिंह, निर्मला कुमारी, टीनू पाण्डेय, सोनी कुमारी, क्रिस्टीना मुर्मू, नंदनी कुमारी सहित विद्यालय के सभी भैया-बहन उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र वंदना के साथ हुआ।


