Sahibganj News: अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के लिए साहिबगंज कॉलेज की छात्राएं करें आवेदन, 10 अगस्त से शुरू हुई प्रक्रिया

साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय में यूजी सेमेस्टर-1 में नामांकित छात्र-छात्राओं के लिए दो बड़ी घोषणाएं की गई हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। प्राचार्य ने बताया कि यूजी सेमेस्टर-I (नियमित) में नामांकित वे छात्राएं, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सरकारी संस्थान से की है, वे अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन की प्रक्रिया 10.08.2026 से शुरू होकर 31.08.2026 तक चलेगी। इच्छुक छात्राएं इस तिथि के अंदर पोर्टल पर जाकर फॉर्म भर सकती हैं। यह स्कॉलरशिप सरकारी स्कूलों से पढ़कर उच्च शिक्षा में आने वाली छात्राओं को आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से दी जाती है।
प्राचार्य डॉ. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण को लेकर भी छात्रों को जानकारी दी जाएगी। इस योजना की पूरी जानकारी 11.08.2026 को सुबह 11:00 बजे महाविद्यालय में दी जाएगी। इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े निःशुल्क कोचिंग के बारे में बताया जाएगा। सभी इच्छुक विद्यार्थियों को समय पर उपस्थित होने को कहा गया है। प्राचार्य ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथि के अंदर आवेदन करने और जानकारी सत्र में भाग लेने की अपील की है।


