Sahibganj News: भौंरबांध में कथित अवैध कोयला ढुलाई की चर्चा, छोटे वाहनों से बंगाल भेजे जाने का आरोप

साहिबगंज : जिले के बरहरवा प्रखंड अंतर्गत कोटालपोखर थाना क्षेत्र के भौंरबाँध गांव में कथित रूप से अवैध कोयला ढुलाई का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि छोटे-छोटे टेम्पो में कोयला लोड कर सीमावर्ती क्षेत्र होते हुए बंगाल की ओर भेजा जा रहा है।
बताया जाता है कि गांव के रास्तों से छोटे वाहनों में कोयला लोड कर लगातार आवाजाही की जा रही है। इसको लेकर स्थानीय लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि कोयले के परिवहन से संबंधित वैध कागजात नहीं हैं, तो आखिर छोटे वाहनों के माध्यम से इसकी ढुलाई कैसे हो रही है।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि कथित रूप से चल रही इस कोयला ढुलाई पर जिम्मेदार विभागों की नजर क्यों नहीं पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस एवं खनन विभाग से पूरे मामले की जांच कराने तथा यदि परिवहन अवैध पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, कोयला ढुलाई से जुड़े इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस, खनन विभाग एवं प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को लेकर क्या कदम उठाते हैं।


