Sahibganj News: बरहरवा रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म-1 पड़ा छोटा, दिव्यांग-बुजुर्ग और महिला यात्रियों की बढ़ी परेशानी

साहिबगंज : बरहरवा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या- 1 की लंबाई कम होने के कारण यात्रियों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जब फरक्का एक्सप्रेस, मालदा–नई दिल्ली/आनंद विहार एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल जैसी लंबी ट्रेनें प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर रुकती हैं, तो ट्रेन के कई कोच प्लेटफॉर्म से बाहर छूट जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दिव्यांग कोच और महिला कोच के यात्रियों को होती है। कई बार ये कोच पूरी तरह प्लेटफॉर्म से बाहर रह जाते हैं, जिससे दिव्यांग यात्रियों, महिलाओं और बुजुर्गों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में जान जोखिम में डालनी पड़ती है। ऊंचाई अधिक होने और प्लेटफॉर्म न होने के कारण यात्रियों को सामान के साथ नीचे उतरना पड़ता है।
“यह सुरक्षा का सवाल” – रेल यूजर्स एसोसिएशन
इस समस्या को लेकर झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने डीआरएम, मालदा से तत्काल समाधान की मांग की है। एसोसिएशन ने डीआरएम से विनम्र आग्रह किया है कि प्लेटफॉर्म संख्या- 1 की लंबाई बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि बरहरवा एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से रोजाना हजारों यात्री लंबी दूरी की ट्रेनें पकड़ते हैं। ऐसे में प्लेटफॉर्म का छोटा होना सिर्फ असुविधा नहीं, बल्कि सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।
यात्रियों की मांग
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि यह समस्या वर्षों से चली आ रही है लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की है कि प्लेटफॉर्म का विस्तार जल्द से जल्द किया जाए ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं, रेल यूजर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट कहा है कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बरहरवा के हजारों रेल यात्रियों की समस्या है।


