Sahebganj News : महिला ने दिया तीन बच्चों को जन्म, दो की मौत से परिवार में शोक

साहिबगंज : तालझारी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते दिनों एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। प्रारंभ में जच्चा और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ थे, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। हालांकि कुछ ही देर बाद घटनाक्रम ने दुखद मोड़ ले लिया। तालझारी झरना टोला गांव निवासी फकरू तुरी की पत्नी रूपी देवी को बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार के अनुसार, महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए तीन बच्चों- (दो लड़के और एक लड़की) को जन्म दिया। प्रसव के कुछ समय बाद ही तीनों नवजातों में से एक बच्ची की मृत्यु हो गई। इसके बाद नवजातों की उचित देख-भाल एवं सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
इसी क्रम में सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक और नवजात लड़के की भी मृत्यु हो गई। इस घटना से जहां परिवार की प्रारंभिक खुशी गहरे शोक में बदल गई, वहीं क्षेत्र में भी मायूसी का माहौल बन गया है।


