Sahebganj News: एफएमएनआर तकनीक से जंगलों की सुरक्षा में जुटे पोखरिया गांव के ग्रामीण

साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड अंतर्गत पोखरिया गाँव में 'एफिकोर' की पुनर्निर्माण परियोजना के तहत किसान प्रबंधित प्राकृतिक पुनर्जनन तकनीक से जंगलों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से वनों में हरियाली लौटने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को नई दिशा मिल रही है।

साहिबगंज: बोरियो प्रखंड के पोखरिया गांव में ‘एफिकोर’ की पुनर्निर्माण परियोजना के तहत प्राकृतिक वनों को फिर से जीवित करने की अनूठी पहल शुरू हुई है। किसान प्रबंधित प्राकृतिक पुनर्जनन तकनीक के माध्यम से ग्रामीण खुद अपने जंगल की देखभाल कर रहे हैं और इसका सकारात्मक असर भी दिखने लगा है।

यह एक सरल और कम लागत वाली तकनीक है। इसमें जंगल और भूमि में पहले से मौजूद पेड़ों की जड़ों, ठूंठ, प्राकृतिक पौधों और नई कोंपलों को सुरक्षित रखकर उनकी देखभाल की जाती है। अनावश्यक शाखाओं की छंटाई और प्राकृतिक रूप से उगने वाले पौधों को संरक्षण देकर धीरे-धीरे वन क्षेत्र को फिर से हरा-भरा किया जाता है।

परियोजना के तहत पोखरिया गांव के ग्रामीणों को इस तकनीक की जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद ग्रामीणों ने जंगल में मौजूद पौधों की सुरक्षा और नई कोंपलों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना शुरू किया। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से पोखरिया के वन क्षेत्र में प्राकृतिक पुनर्जनन को बढ़ावा मिला है। अब ग्रामीण जंगल को अपनी साझा प्राकृतिक संपदा मानकर उसकी सुरक्षा में जुट गए हैं। इससे गांव में हरियाली बढ़ी है और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता भी मजबूत हुई है।

परियोजना के समन्वयक विजय मेशाक बोडकिलवार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदाय की भागीदारी से प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और सतत प्रबंधन सुनिश्चित करना है। यह परियोजना वर्तमान में प्रखंड के 43 गांवों में समुदाय के साथ मिलकर काम कर रही है। एफिकोर की इस परियोजना के जरिए खाद्य एवं पोषण सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, कृषि, आजीविका और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में समुदाय को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से न केवल जंगल बचे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्राकृतिक संसाधन सुरक्षित हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर पोखरिया में किया जा रहा यह प्रयास प्रखंड के अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक मॉडल बन सकता है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More