Sahebganj News: राजमहल के सेलमपुर में सड़क किनारे मिला युवक का शव, मची सनसनी

साहिबगंज: राजमहल प्रखंड की घाटजमनी पंचायत के सेलमपुर गांव में शनिवार सुबह सनसनी फैल गई। मुख्य सड़क के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सेलमपुर निवासी बद्री प्रसाद मंडल के 25 वर्षीय पुत्र शिवलाल कुमार मंडल उर्फ महंत के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार अहले सुबह फोर लेन सड़क किनारे एक बाइक काफी देर से खड़ी दिखी। शक होने पर जब कुछ लोग पास पहुंचे तो देखा कि बाइक से कुछ दूरी पर एक युवक अचेत पड़ा है।
खबर आग की तरह गांव में फैली और मौके पर भीड़ जमा हो गई। तुरंत राजमहल थाना को सूचना दी गई। परिजनों के मुताबिक शिवलाल शुक्रवार रात करीब 10 बजे कन्हैया स्थान स्थित अपने जीजा विजय साह के घर से बाइक लेकर निकला था। वहां से वह चंडीपुर में एक शादी समारोह में गया। समारोह में उसे रात करीब 2 बजे तक देखा गया था। इसके बाद वह घर के लिए निकला, लेकिन सुबह सड़क किनारे उसका शव मिला।
सूचना पर थाना प्रभारी हसनैन अंसारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में युवक की मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीण और पुलिस शुरुआती तौर पर सड़क दुर्घटना में मौत की आशंका जता रहे हैं।
थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। युवक की मौत से माता-पिता, पत्नी समेत पूरे गांव में शोक की लहर है। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


