Sahebganj News: एक ही रात 7 घरों से मोबाइल उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: बरहेट थाना क्षेत्र के धनजोरी गांव में एक ही रात सात घरों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के 10 मोबाइल फोन और एक चांदी की चेन बरामद की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, साहिबगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 मई को धनजोरी गांव के विभिन्न घरों से करीब 10 मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना मिली थी। मामला दर्ज होते ही बरहेट थाना कांड संख्या 67/26 के तहत जांच शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान के दौरान चोरी हुए मोबाइल के इस्तेमाल के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने बरहेट निवासी सज्जाद अंसारी उर्फ वायरस उर्फ वारिस को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में सज्जाद ने अपने साथी वसीम अंसारी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि नशे की लत और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार 27 मई की रात दोनों आरोपी धनजोरी गांव पहुंचे और करीब सात घरों में घुसकर 10 मोबाइल फोन, एक लेडीज पर्स, चांदी की माला और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बाद में दोनों ने चोरी का माल और नकदी आपस में बांट लिया। सज्जाद की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी वसीम अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों की गिरफ्तारी के बाद चोरी के सभी 10 मोबाइल फोन और एक चांदी का चेन बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


