Sahebganj News: ‘मां रानी’ के नाम पर बड़ा खेल! लाखों रुपये लेकर फर्जी फाइनेंस कंपनी फरार

साहिबगंज: जिले में मां रानी के नाम पर खोली गई एक फर्जी नॉन बैंकिंग कंपनी आम लोगों के लाखों रुपए लेकर चंपत हो गई। जमाकर्ता जब अपने पैसे वापस मांगने साहिबगंज नगर क्षेत्र के गुल्ली भट्टा स्थित प्रधान कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला और कंपनी के सभी कर्मचारी गायब थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार कंपनी ने “मां रानी” के नाम का सहारा लेकर लोगों की धार्मिक भावनाओं से खेला। ज्यादा ब्याज और जल्दी दोगुना-तीन गुना पैसे का लालच देकर महिलाओं और गरीब तबके से मोटी रकम जमा कराई गई। कई महीनों तक छोटे-मोटे ब्याज देकर भरोसा जीता गया। जब बड़ी संख्या में लोग जुड़ गए और मोटी रकम जमा हो गई, तो कंपनी अचानक कार्यालय बंद कर फरार हो गई।
पीड़ित जमाकर्ताओं ने बताया कि अब कंपनी का कोई भी अधिकारी फोन नहीं उठा रहा है। ठगी का शिकार हुए लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मामला सामने आने के बाद नगर में हड़कंप मचा हुआ है। जानकर बताते हैं कि रिजर्व बैंक की गाइडलाइन के अनुसार कोई भी नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी आरबीआई से पंजीकृत हुए बिना जमा नहीं ले सकती। निवेश से पहले कंपनी का लाइसेंस जरूर जांचें।


