sahebganj News: सेव माइक्रो फाइनेंस के शाखा प्रबंधक पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर रूप से घायल

साहिबगंज के पतना प्रखंड अंतर्गत रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ बिधानपुर गांव में सेव माइक्रो फाइनेंस के शाखा प्रबंधक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

साहिबगंज:  पतना प्रखंड के रांगा थाना क्षेत्र के केंदुआ बिधानपुर गांव में ग्रुप लोन की बकाया राशि मांगने गए सेव माइक्रो फाइनेंस के शाखा प्रबंधक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल प्रबंधक का बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। पीड़ित शाखा प्रबंधक गुलफराज ने बताया कि केंदुआ बिशनपुर गांव निवासी बीना देवी पति नयन रजक ने कंपनी से 50 हजार रुपये का लोन लिया था। कुछ किस्त जमा करने के बाद 6-7 महीने से भुगतान बंद था। शाखा में ऑडिट टीम के आने पर ओवरड्यू लोन की रिकवरी के निर्देश मिले थे, जिसमें बीना देवी का नाम भी था।

शाखा प्रबंधक गुलफराज, एरिया मैनेजर समरेश सिंह एवं ऑडिट विभाग से विश्वजीत राय, तीनों बीना देवी के घर 26,693 रुपये बकाया मांगने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान बीना देवी के पति नयन रजक और पुत्र श्रीनाथ रजक गाली-गलौज करने लगे और धमकी दी कि “पैसे नहीं मिलेंगे, मांगने मत आना नहीं तो मार देंगे।” उसके बाद आरोपी घर के अंदर से तलवारनुमा धारदार हथियार लहराते हुए बाहर आए और हमला कर दिया।

हमले में गुलफराज के पैर में गहरा घाव लगा और भारी मात्रा में खून बहने लगा। वे किसी तरह भागकर अस्पताल पहुंचे और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More