Sahebganj News: विधायक ने सदन में उठाई बिजली की समस्या, मंत्री ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन

बरहरवा: ग्रामीण सुदूरवर्ती क्षेत्र में बिजली नहीं पहुंचने को लेकर पाकुड विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने बुधवार को झारखंड विधानसभा में गंभीरता से मामला उठाया। उन्होंने कहा कि साहिबगंज जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती गांवों में अब तक बिजली नहीं पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आज भी काफी परेशानियों के सामना करना पड़ता है।
इसके जवाब में विभागीय मंत्री ने सदन में बताया कि साहिबगंज उपायुक्त के माध्यम से रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिन गांवों में बिजली अब तक नहीं पहुंची है, वित्तीय वर्ष 2027 में प्रत्येक गांव में बिजली पहुंचा दी जाएगी। सदन द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री उज्जवल झारखंड योजना के तहत युद्ध स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में काम चल रहा है और लगातार इसकी मॉनिटरिंग भी की जा रही है। अगले वित्तीय वर्ष में बिजली पहुंचा दिया जाएगा।
विधायक निसात आलम ने बताया कि सरकार के विभागीय मंत्री ने कार्य में प्रगति के साथ-साथ जल्द विद्युतीकरण का कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है। हम लोग इसकी मॉनिटरिंग करेंगे और जिन गांवों में बिजली नहीं पहुंची है वहां हम लोग पहुंचाने का प्रयास करेंगे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का जो भी जरूरी मुद्दा होगा हम उसे विधानसभा में उठाते रहेंगे। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते नागरिकों की समस्याओं को सरकार के संज्ञान में लाना हमरा काम है और समस्याओं का समाधान करना सरकार का काम है।


