Sahebganj News: लव जिहाद का मामला, प्रेम विवाह और धर्म परिवर्तन का दबाव

साहिबगंज: राजमहल थाना क्षेत्र में एक युवती ने राधानगर थाना क्षेत्र के एक युवक पर पहचान छिपाकर प्रेम विवाह करने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के बयान के आधार पर राजमहल थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राधानगर थाना क्षेत्र के पहाड़ गांव के रहने वाले जैनुल शेख के बेटे शाहिद अनवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पीड़िता ने आवेदन में कहा है कि आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर उसे प्रेम जाल में फंसाया और मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। आरोप है कि कुछ समय बाद उसने अपना असली परिचय उजागर किया और युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उसे मौलवी के पास ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश करता था। साथ ही उसे बुर्का पहनने, रोजा रखने और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया जाता था। विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
आवेदन में कहा गया है कि आरोपी ने खुद को ‘टोनी’ नाम से परिचित कराया और युवती को दिल्ली ले जाकर आर्य समाज मंदिर में शादी की। युवती के परिजनों ने पहले ही इस संबंध का विरोध किया था और इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, दोनों पहले भी प्रेम प्रसंग में दो बार घर से भाग चुके थे और एक मामले में युवती ने अदालत में आरोपी के साथ रहने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की साक्ष्यों के आधार पर गंभीरता से जांच कर रही है।


