Sahebganj News: 85 दिन से जारी मनरेगा कर्मियों की हड़ताल, आलमगीर आलम से लगाई गुहार

झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल 85 दिनों से जारी है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मियों ने पूर्व मंत्री आलमगीर आलम से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की।

साहिबगंज: झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल 85 दिनों का आंकड़ा पार कर चुकी है, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। इसी कड़ी में गुरुवार को संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम से उनके पैतृक आवास इस्लामपुर में शिष्टाचार मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की।

इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने आलमगीर आलम को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें राज्यभर के मनरेगा क्षेत्रीय कर्मियों की वर्तमान स्थिति, लंबित मांगों और 12 मार्च 2026 से जारी आंदोलन की विस्तृत जानकारी दी।

संघ के नेताओं ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर मनरेगा क्षेत्रीय कर्मी पिछले 85 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। विभागीय स्तर पर कई दौर की वार्ता होने और कुछ मुद्दों पर सहमति बनने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उनका आरोप है कि विभाग द्वारा तैयार किए गए समझौता मसौदे में सहमति वाले बिंदुओं को स्पष्ट रूप से शामिल नहीं किया गया। संघ द्वारा संशोधन का प्रस्ताव दिए जाने के बाद भी संशोधित मसौदा उपलब्ध नहीं कराया गया और न ही आगे की वार्ता के लिए कोई पहल की गई।

ग्रेड-पे और स्थायी समायोजन की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मनरेगा क्षेत्रीय कर्मियों को राज्य मनरेगा कोषांग के कर्मियों के समान ग्रेड-पे आधारित मानदेय व्यवस्था में शामिल किया जाए। साथ ही उड़ीसा मॉडल के आधार पर पांच वर्ष या उससे अधिक सेवा देने वाले कर्मियों के लिए वन टाइम एब्जॉर्शन नीति लागू कर स्थायी समायोजन किया जाए।

संघ ने यह भी मांग उठाई कि सेवा अवधि के दौरान दिवंगत हुए 156 मनरेगा कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति और सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जाए।

वर्षों से निभा रहे अहम जिम्मेदारी

संघ के नेताओं ने कहा कि मनरेगा क्षेत्रीय कर्मी लंबे समय से ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की इस महत्वपूर्ण योजना के सफल क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा सुरक्षा और अन्य जायज मांगें वर्षों से लंबित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आलमगीर आलम सरकार के समक्ष उनकी मांगों को मजबूती से उठाएंगे और समाधान की दिशा में पहल करेंगे।

समाधान के लिए सहयोग का आश्वासन

पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के जरिए होना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक स्तर पर सहयोग करने का भरोसा दिया।

मुलाकात के दौरान संघ के प्रदेश एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More