Sahebganj News : शिव पुराण नाट्य मंचन और झांकी ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

साहिबगंज : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संपूर्ण भारत वर्ष में शिव जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महाशिवरात्री को लेकर मछुआ सोसाइटी हॉल में द्वादश ज्योतिर्लिंग झांकी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन हेतु सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण शिव पुराण का नाट्य मंचन “हम सब पार्वती” शीर्षक नाटक रहा। शंकर, पार्वती, विष्णु, ब्रह्मा, नारद आदि की झांकी ने दर्शकों का मन मोह लिया। नाटक में शिव की बारात का रहस्य बताया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य सेवा केंद्र प्रभारी अनु दीदी एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर केक काटा गया और ध्वजारोहण किया गया। मंच संचालन मनीषा मंजरी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनु दीदी ने कहा कि परमपिता परमात्मा शिव का अवतरण अज्ञान अंधकार मिटाकर, ज्ञान से विकारों जनित कर्म बंधन को शुद्ध कर नूतन दैवी सृष्टि की स्थापना के लिए होता है। स्वागत नृत्य सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की विद्यार्थी सुप्रिया सौम्या ने किया। नृत्य में राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली दृष्टि चैटर्जी ने शिव अनादि है-शिव अनंत है गीत पर अपनी प्रस्तुति दी।


