Sahebagnj News: टैलेंट सर्च पब्लिक स्कूल में प्रथम सावधिक परीक्षा का परिणाम घोषित

बरहरवा: टैलेंट सर्च पब्लिक स्कूल कोटालपोखर सोसाइटी में ‘प्रथम सावधिक परीक्षा’ का परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में विद्यालय के डायरेक्टर वकील अहमद ने अभिभावकों और छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन और बच्चों के मनोवैज्ञानिक विकास पर जोर दिया। समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र की पहली परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नर्सरी से लेकर सातवीं तक के छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कई अभिभावकों ने स्वयं अपने हाथों से बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
डायरेक्टर वकील अहमद ने बताया कि पुरस्कार वितरण का मुख्य उद्देश्य बच्चों का मनोबल बढ़ाना और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करना है। अपने संबोधन में डायरेक्टर वकील अहमद ने अभिभावकों को बच्चों की परवरिश के लिए सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुबह के वक्त कभी नहीं डांटना चाहिए, क्योंकि इसका उनके कोमल मस्तिष्क पर गहरा नकारात्मक असर पड़ता है। ईश्वर ने हमें स्वस्थ बच्चे दिए हैं, जो एक बड़ा आशीर्वाद है। इसलिए बच्चों की तुलना केवल उनके अंकों के आधार पर न करें।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के मन से डर निकालें। यदि गलती पर उन्हें पीटा जाएगा, तो वे झूठ बोलना शुरू कर देंगे। बच्चों को इतना विश्वास दें कि वे अपनी गलती भी आपसे साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि आज का सम्मान अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगा ताकि वे अगली बार और बेहतर मेहनत कर सकें। शिक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोपरि रखते हुए डायरेक्टर वकील अहमद ने घोषणा की कि जो भी अभिभावक अपने बच्चे के मूल्यांकन को विस्तार से समझना चाहते हैं, वे आगामी सोमवार को विद्यालय आकर बच्चे की उत्तर पुस्तिकाएं देख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूल और अभिभावकों के बीच का अटूट भरोसा ही इस संस्थान की असली पूंजी है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर प्रिंसिपल रणधीर साह, सारीफुल सर, गोविंद साहा, राजा भगत, सुब्रतो हेंब्रम, ज़कीउस हेंब्रम, नसीम अख्तर, नसीम, आरजू मैम, राजन रजवार, धनंजय साह, मोजिबुर सर, सॉलमन सर, राकेश साह, अजय खाखा, सोनबीटी मैम, आस्था एंजिला मैम, शैली मैम, शीतल मैम, रशीदा मैम, सागर, सरवन, मुसर्रत मैम सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।


