बीजेपी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की दबंगई: शराब दुकान में घुसकर हंगामा, सेल्समैन को सड़क पर घसीटकर पीटा

गिरिडीह: मकतपुर रोड स्थित कंपोजिट शराब दुकान में रविवार रात दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी उर्फ नुनु अपने समर्थकों के साथ शराब दुकान में घुसकर हंगामा और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि पहले दुकान के अंदर सेल्समैन विक्की कुमार सिंह के साथ गाली-गलौज की गई, फिर उसे बेरहमी से पीटते हुए दुकान से बाहर सड़क तक घसीटकर ले जाया गया।
आरोप है कि सड़क पर भी विक्की कुमार सिंह को उसके साथियों के साथ मिलकर बुरी तरह पीटा गया और अधमरी हालत में छोड़ दिया गया। मारपीट में घायल सेल्समैन बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के फर्द बयान पर नगर थाना में कांड संख्या 118/26 दर्ज किया गया है।
मामले में मिथुन चंद्रवंशी उर्फ नुनु, मंगल सिंह, मिथुन राम समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और दर्ज बयान के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।शहर में इस घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि राजनीति और संगठन का पद जनता की सेवा और जिम्मेदारी के लिए होता है, न कि खुलेआम दबंगई दिखाने के लिए।
जिस तरह एक सेल्समैन को दुकान से खींचकर सड़क पर ले जाकर पीटने का आरोप सामने आया है, उसने राजनीतिक मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर संगठन के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही कानून हाथ में लेते नजर आएंगे, तो आम लोगों का भरोसा व्यवस्था से कमजोर होगा।




