रिम्स में कम पड़ी सेनिटाइजर और मास्क, नर्सों को स्पिरिट इस्तमाल करने का निर्देश

रांची: राजधानी स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मास्क और सेनिटाइजर का स्टॉक कम पड़ने लगा है। अस्पताल के नर्सों को सेनेटाइजर के विकल्प के रूप में स्पिरिट इस्तेमाल करने को कहा जा रहा है। सभी वार्ड के नर्सों ने उपाधीक्षक डॉ संजय कुमार को मांग पत्र सौंपा। बड़ी संख्या में पत्रों को देख वे घबरा गये। उन्होंने नर्सों से कहा कि सेनिटाइजर का स्टॉक कम होने के कारण वे स्पिरिट का इस्तमाल करें।
इसके अलावे नर्सों द्वारा मास्क के डिमांड किये जाने पर डॉ संजय ने कहा कि इतनी ज्यादा मात्रा में थ्री लेयर मास्क देना संभव नहीं है। प्रत्येक वार्ड में एक दिन में अधिकतम 100 से ज्यादा मास्क नहीं दिया जायेगा। हालांकि, नर्सों ने अस्पताल के स्टाफों की संख्या के आगे सौ की संख्या को कम बताया। जिसपर डॉक्टर ने कहा कि मास्कों को बिरसा मुंडा केन्द्रीय कारा में कैदियों द्वारा मास्क तैयार किया जा रहा है। वहां से आते ही मास्कों को वितरित किया जाएगा।
इधर, काेरोना वायरस के कारण रिम्स में मरीजों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है। डॉक्टरों ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की संख्या में आम दिनों के मुकाबले 20 से 25 फीसदी की कमी आयी है। सामान्य दिनों में जहाँ 150-200 मरीज आते थे, वहीं अब मरीजों की संख्या सौ के पार भी नहीं पहुँच रही है।


