रौनियार विकास मंच बाजरा रांची महिला इकाई का गठन, मीनाक्षी गुप्ता बनीं अध्यक्ष

रांची: रौनियार विकास मंच बाजरा रांची इकाई से जुड़े महिला मंच के पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर इटकी रोड स्थित रौनियार विकास मंच कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता रौनियार महासभा झारखंड महिला मंच की अध्यक्ष लता गुप्ता ने की। बैठक में सर्वसम्मति से रौनियार विकास मंच बाजरा रांची महिला इकाई के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान मीनाक्षी गुप्ता को अध्यक्ष, पूनम गुप्ता को सचिव, नीलम गुप्ता, सुमन गुप्ता एवं रीना गुप्ता को उपाध्यक्ष, दीपावली गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा संगीता गुप्ता एवं पूर्णिमा कुमारी को कार्यकारिणी सदस्या के रूप में चुना गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने रौनियार समाज की महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर समाज को मजबूत बनाया जा सकता है तथा संगठन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और नेतृत्वकारी भूमिका में आगे लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में महिला शिक्षा, स्वरोजगार, सामाजिक जागरूकता तथा समाज में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक के अंत में सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गई तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।


