रांची SSP का देर रात औचक निरीक्षण, हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस

रांची: रांची राजधानी में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने 14 जुलाई की देर रात एसपी सिटी के साथ विभिन्न थानों, रात्रि गश्ती दल, पीसीआर वैन और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन और आम जनता के लिए उनकी उपलब्धता का जायजा लिया गया।
हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में गंभीर अनुशासनहीनता सामने आई। ओडी (ऑफिसर ऑन ड्यूटी) वर्दी में नहीं पाए गए, जबकि थाना प्रभारी अपने ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारी का नाम तक नहीं बता सके। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सुरक्षा प्रतिष्ठानों और पीसीआर वैन की भी हुई जांच
एसएसपी ने शहर के महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात गार्डों की ड्यूटी का भी निरीक्षण किया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न रहे। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में पीसीआर वैन की सक्रियता की भी जांच की गई। ड्यूटी के प्रति पूरी ईमानदारी और मुस्तैदी दिखाने वाले पुलिसकर्मियों की एसएसपी ने सराहना भी की।
मोराबादी में पुलिस जांच से भागा थार चालक गिरफ्तार
14 जुलाई को लगभग 11:30 बजे मोराबादी प्राइम पार्क के पास पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने एक संदिग्ध काले रंग की थार को रोकने का प्रयास किया। वाहन में पूरी तरह ब्लैक फिल्म लगी थी, विंडशील्ड टूटी हुई थी और पीछे का नंबर प्लेट मिट्टी से ढका हुआ था।
जैसे ही पुलिस ने वाहन की जांच करनी चाही, चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर भाग निकला। इस दौरान उसने पेट्रोलिंग वाहन के चालक को टक्कर मार दी, जिससे पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
वाहन जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन का नंबर ट्रेस कर प्राथमिकी दर्ज की और छापेमारी कर आरोपी विश्राम उरांव (38 वर्ष), निवासी बरियातू, रांची को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच अभियान के दौरान पुलिस का पूरा सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आम जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया जाता है। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें, आम लोगों की हरसंभव सहायता करें और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।


