Ranchi News: छात्र-युवाओं के साथ भाजपा, JPSC-JSSC-CGL की CBI जांच तक जारी रहेगा आंदोलन : आदित्य साहू

रांची: झारखंड में JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और सीबीआई जांच की मांग को लेकर झारखंड भाजपा के सांसदों ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एक घंटे का मौन उपवास किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह भी शामिल हुए।
मौन उपवास के बाद मीडिया से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों और युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उनके साथ हुए अन्याय के खिलाफ अब “आर-पार की लड़ाई” लड़ेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन के समर्थन में 1 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में भाजपा धरना देगी, जबकि 31 जुलाई की शाम सभी जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समर्थन से चल रही हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत कई भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियां और पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि हाल की 14वीं JPSC परीक्षा में भी गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, लेकिन राज्य सरकार कार्रवाई करने के बजाय मौन है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी दिल्ली में विभिन्न मुद्दों पर मुखर होकर प्रदर्शन करती है, वही झारखंड में छात्रों और युवाओं से जुड़े मामलों पर चुप्पी साध लेती है। उनके अनुसार, भर्ती घोटालों के मुद्दे पर कांग्रेस की यह दोहरी नीति सवाल खड़े करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले कई दिनों से छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं। भारी बारिश के बावजूद छात्र प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई संवेदनशील पहल नहीं की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठा रही है। 29 जुलाई को संसद भवन के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया गया था और अब मौन उपवास के माध्यम से भी इस मुद्दे को उठाया गया है। उन्होंने मांग दोहराई कि JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित सभी विवादित भर्ती मामलों की CBI जांच कराई जाए।
केंद्र सरकार द्वारा पारित सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर विपक्ष के विरोध को लेकर आदित्य साहू ने कहा कि परीक्षा में धांधली रोकने के उद्देश्य से लाए गए इस कानून का स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हर सकारात्मक पहल का विरोध करता है और छात्रों के हितों से जुड़े कानूनों पर भी राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों और युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और न्याय मिलने तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।


