Ranchi News: झारखंड शराब मामले में ACB की बड़ी कार्रवाई, टेंडर और बैंक गारंटी की होगी जांच

झारखंड के चर्चित शराब प्रकरण में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। राज्य की उत्पाद नीति, शराब आपूर्ति व्यवस्था और JSBCL से जुड़े कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक मामलों की गहन जांच की जा रही है।

रांची:  झारखंड के चर्चित शराब प्रकरण में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। ब्यूरो राज्य की उत्पाद नीति, शराब आपूर्ति व्यवस्था, झारखंड स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JSBCL) से जुड़ी प्रक्रियाओं तथा कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की गहन जांच कर रहा है। जांच के तहत महत्वपूर्ण अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

एसीबी के अनुसार, अब तक दर्ज बयानों का उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है। जहां किसी तथ्य पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता महसूस हो रही है, वहां संबंधित व्यक्तियों को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।

4 अगस्त को तीन पूर्व अधिकारियों को किया गया तलब

जांच के क्रम में एसीबी ने 4 अगस्त 2026 को तीन पूर्व अधिकारियों को समन जारी कर उपस्थित होने का निर्देश दिया है। इनमें तत्कालीन संयुक्त आयुक्त (उत्पाद विभाग) गजेन्द्र सिंह, तत्कालीन महाप्रबंधक (वित्त), JSBCL सुधीर कुमार दास तथा तत्कालीन उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश शामिल हैं। इन अधिकारियों से पहले दर्ज बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आवश्यक स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

टेंडर प्रक्रिया और वित्तीय रिकॉर्ड की हो रही जांच

एसीबी टेंडर प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। इसमें टेंडर की शर्तें, समय-समय पर किए गए बदलाव, संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं की भूमिका तथा टेंडर में भाग लेने वाली कंपनियों की प्रक्रिया का परीक्षण शामिल है।

इसके अलावा बैंक गारंटी, भुगतान, सरकारी राजस्व वसूली और अन्य वित्तीय दायित्वों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। ब्यूरो यह भी पता लगा रहा है कि कहीं प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान तो नहीं हुआ।

शराब आपूर्ति और राजस्व वसूली के रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में

जांच एजेंसी शराब आपूर्ति व्यवस्था, दुकानों के लेखा-जोखा, नकद संग्रह, बैंक में राशि जमा कराने की प्रक्रिया, ऑडिट रिपोर्ट और राजस्व वसूली से जुड़े अभिलेखों की भी विस्तार से जांच कर रही है। साथ ही संबंधित बैठकों में लिए गए निर्णयों, जारी निर्देशों और उनके अनुपालन की भी समीक्षा की जा रही है।

साक्ष्य आधारित होगी पूरी जांच

एसीबी ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, तथ्यपरक और साक्ष्य आधारित तरीके से की जा रही है। किसी भी व्यक्ति की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष केवल दस्तावेजों, बयानों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के समग्र परीक्षण के बाद ही निकाला जाएगा।

ब्यूरो का कहना है कि उसका उद्देश्य पूरे प्रकरण की प्रत्येक कड़ी की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर तथ्यों को स्पष्ट रूप से सामने लाना तथा जांच की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना है।

 
 
 
लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More