Ranchi News: डीपीएस रीजनल लेवल सीबीएसई स्किल एक्सपो और गाइडेंस फेस्टिवल का भव्य आयोजन

रांची: नवाचार, रचनात्मकता और भविष्यमुखी शिक्षा के जीवंत उत्सव के रूप में, दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची ने रीजनल लेवल सीबीएसई स्किल एक्सपो और गाइडेंस फेस्टिवल 2025 की मेज़बानी की। यह भव्य शैक्षणिक आयोजन केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें रांची और पटना रीजन के 50 से अधिक विद्यालयों के 650 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु राम वीर, रीजनल ऑफिसर, सीबीएसई रांची रीजन, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जितेन्द्र कुमार सिंह (आईएएस), श्रम, रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड सरकार, विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे और कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने प्रमुख वक्ताओं के रूप में भाग लिया, जिन्होंने अपने समृद्ध अनुभव और प्रेरक दृष्टिकोण से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। इनमें शामिल थे —संदीप सिंह, चीफ हेड, स्क्वायर यार्ड्स, गुरुग्राम (हरियाणा); रवि सिंह चौधरी, प्रसिद्ध लेखक एवं उद्यमी, रांची; और अभिषेक कुमार सिंह, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट, लाइफोलॉजी फाउंडेशन, दुबई। इन सभी के सामूहिक अनुभव और विचारों ने आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई — डीपीएस रांची के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को मधुरता से भर दिया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत और सम्मान समारोह हुआ, जहाँ विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने सभी गणमान्य अतिथियों एवं वक्ताओं को सैंपलिंग और स्मृति चिन्ह भेंट कर हार्दिक अभिनंदन किया ।
अपने स्वागत भाषण में डॉ. जया चौहान ने इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक महोत्सव की मेज़बानी पर अत्यंत गर्व व्यक्त किया। उन्होंने सभी विशिष्ट अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों और विशेष रूप से विभिन्न विद्यालयों से आए ऊर्जावान विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा — “आज के विद्यार्थी ही कल के रचनाकार और परिवर्तनकारी होंगे। ऐसे मंच विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे सोचने, सीखने को जीवन से जोड़ने और आत्मविश्वास के साथ भविष्य के करियर तलाशने के लिए सशक्त बनाते हैं। स्किल एक्सपो नवाचार को पोषित करता है, जबकि गाइडेंस फेस्टिवल दिशा और उद्देश्य के द्वार खोलता है।” उनके स्वागत भाषण के बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत उत्साहवर्धक नृत्य प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने विचारोत्तेजक और प्रेरणादायक संबोधन में राम वीर, रीजनल ऑफिसर, सीबीएसई रांची रीजन, ने डीपीएस रांची और सीबीएसई द्वारा ऐसे रूपांतरकारी कार्यक्रम के आयोजन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सीबीएसई ने आधारभूत स्तर से ही स्किल एजुकेशन को समाहित करने की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा , “21वीं सदी उन लोगों की नहीं है जो केवल जानते हैं, बल्कि उन लोगों की है जो लागू कर सकते हैं, नवाचार कर सकते हैं और नेतृत्व कर सकते हैं। कौशल शिक्षा अब वैकल्पिक नहीं रही, यह एक जीवन कौशल है। इस तरह के आयोजन केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता को नहीं, बल्कि समग्र विकास, उद्यमिता और समस्या समाधान की क्षमता को भी प्रोत्साहित करते हैं।” उन्होंने सभी विद्यालयों और विद्यार्थियों के उत्साही भागीदारी की सराहना की और उन्हें निरंतर खोज, नवाचार और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि जितेन्द्र कुमार सिंह (आईएएस) ने अपने दूरदर्शी और यथार्थवादी मुख्य भाषण में कौशल विकास की भूमिका को आर्थिक सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण के संदर्भ में अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा, आज का यह गाइडेंस फेस्टिवल सपनों और वास्तविकता, शिक्षा और रोजगार के बीच एक सेतु का कार्य कर रहा है। मैं विद्यार्थियों से आग्रह करता हूँ कि वे उभरते क्षेत्रों की खोज करें, निरंतर कौशल विकसित करें, और स्वयं को वैश्विक नागरिक के रूप में सोचें, जिनकी जड़ें स्थानीय जिम्मेदारी में निहित हों।” उनके प्रेरक शब्दों ने उपस्थित विद्यार्थियों के भीतर राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता, आत्मनिर्भरता और नवोन्मेष की भावना को प्रज्वलित कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा स्किल एक्सपो, जिसमें रांची और पटना क्षेत्रों के 40 विद्यालयों के 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन विद्यार्थियों ने सीबीएसई के स्किल एजुकेशन फ्रेमवर्क के अनुरूप विभिन्न विषयों पर अपने नवोन्मेषी मॉडल्स और प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए। प्रमुख विषयों में, प्रौद्योगिकी और नवाचार, पर्यावरण, स्वास्थ्य और कल्याण, उद्यमिता और वित्तीय साक्षरता, पर्यटन और आतिथ्य, कृषि और ग्रामीण विकास एवं मीडिया डिजाइन और संचार शामिल थे।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी समझ का शानदार संगम देखने को मिला। ए.आई आधारित कचरा पृथक्करण प्रणाली, ऑगमेंटेड टूरिज्म अनुभव, डिजिटल हेल्थ मॉनिटर, और पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग समाधान जैसे मॉडल इसमें शामिल थे। इन मॉडलों को देखकर आगंतुकों — जिनमें शिक्षाविद, मेंटर्स और उद्योग विशेषज्ञ शामिल थे — ने विद्यार्थियों की मौलिकता, व्यावहारिक दृष्टिकोण और समस्या-समाधान क्षमता की अत्यधिक सराहना की। प्रदर्शनी का मूल्यांकन विशेषज्ञों की एक जूरी टीम द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रोजेक्ट्स को नवाचार, व्यावहारिकता, प्रस्तुति और प्रभाव के आधार पर आँका।
इस प्रकार, यह एक्सपो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि अनुप्रयुक्त शिक्षा और वास्तविक दुनिया के नवाचार का सार्थक मंच बन गया। स्किल एक्सपो के समानांतर चला गाइडेंस फेस्टिवल, जिसमें 70 से अधिक विद्यालयों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह उत्सव विद्यार्थियों के लिए नए युग के करियर विकल्पों की खोज, कार्य क्षेत्र की बदलती गतिशीलता को समझने और विशेषज्ञों से व्यावहारिक अंतर्दृष्टियाँ प्राप्त करने का एक समृद्ध मंच साबित हुआ। इस दिन का प्रमुख आकर्षण प्रख्यात विशेषज्ञों द्वारा लिए गए सत्रों की श्रृंखला थी, जिन्होंने विद्यार्थियों के मन में नई ऊर्जा, दृष्टि और प्रेरणा का संचार किया। सबसे पहले, रवि सिंह चौधरी, लेखक और उद्यमी, रांची, ने “रिजेनरेटिव फ्यूचर: करियर्स डेट हिल पीपल, प्लैनेट एंड पर्पस” विषय पर एक उत्साहजनक सत्र का संचालन किया।
उन्होंने जलवायु परिवर्तन, पारिस्थितिक उद्यमिता, परिपत्र अर्थव्यवस्था और सामाजिक नवाचार जैसे क्षेत्रों में सार्थक और सतत करियर की आवश्यकता पर बल दिया।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा, “दुनिया को समस्याओं के हल करने वाले लोगों की ज़रूरत है। केवल वे करियर मत चुनिए जो कमाई देते हैं, बल्कि वे चुनिए जो महत्वपूर्ण बदलाव लाते हैं।” उन्होंने युवाओं को अपने जुनून को उद्देश्य से जोड़ने और समाधान-केंद्रित नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद संदीप सिंह, चीफ हेड, स्क्वायर यार्ड्स, गुरुग्राम, ने “ द पावर ऑफ स्ट्रेटेजिक थिंकिंग: प्रिपेयरिंग फॉर टुमारो” विषय पर एक अत्यंत प्रभावशाली सत्र लिया। अपने कॉर्पोरेट नेतृत्व और स्टार्टअप ग्रोथ के व्यापक अनुभव से उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि रणनीतिक सोच, अनुकूलनशीलता और दूरदृष्टि आज की तेज़ी से बदलती दुनिया में सफलता की कुंजी हैं।
उन्होंने कहा, “कल के विजेता वे हैं जो आज तैयारी करते हैं। दूरदृष्टि विकसित करें, असफलताओं से सीखें, और दीर्घकालिक सोच रखें।” उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ भविष्य का सामना करने की प्रेरणा दी। अंतिम सत्र अभिषेक कुमार सिंह, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट, लाइफोलॉजी फाउंडेशन, दुबई, द्वारा प्रस्तुत किया गया। उनका विषय था — “ फॉर्म क्लासरूम ड्रीम्स टू रियल लाइफ इंपैक्ट”। उनका सत्र प्रेरणादायक होने के साथ-साथ व्यावहारिक मार्गदर्शन से परिपूर्ण था। “आपका कक्षा कक्ष ही आपकी प्रयोगशाला है। हर विषय, हर प्रोजेक्ट और हर चर्चा आपको किसी बड़े कार्य की ओर अग्रसर करती है — चाहे वह एक नया उद्यम हो, कोई समस्या हल करना हो या किसी उद्देश्य का नेतृत्व करना।” उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा को अंत नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन यात्रा की शुरुआत के रूप में देखने की सलाह दी।
इन प्रेरक सत्रों के बाद विद्यार्थियों और संसाधन व्यक्तियों के बीच एक सक्रिय प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में विद्यार्थियों ने करियर भ्रम, कौशल अंतराल, उद्यमिता से जुड़ी जिज्ञासाएँ, सतत विकास की चुनौतियाँ, और भविष्य की तकनीकों की संभावनाओं से संबंधित विचारोत्तेजक प्रश्न पूछे। पैनल में उपस्थित विशेषज्ञों ने व्यावहारिक सुझाव, व्यक्तिगत अनुभवों से प्रेरित उदाहरण, और क्रियाशील मार्गदर्शन के साथ विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए। यह सत्र न केवल अत्यंत संवादात्मक था, बल्कि विद्यार्थियों के लिए जीवन और करियर से जुड़ी स्पष्टता और प्रेरणा का स्रोत भी बना।
कार्यक्रम के समापन पर डीपीएस रांची की प्राचार्या, डॉ. जया चौहान ने सीबीएसई, सभी अतिथियों, संसाधन व्यक्तियों, भाग लेने वाले विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आज का दिन केवल एक आयोजन नहीं था — यह एक आंदोलन था। एक ऐसा आंदोलन जो सशक्त शिक्षण, सहयोगात्मक चिंतन और सृजनशील नेतृत्व की ओर अग्रसर है। डीपीएस रांची इस परिवर्तन का हिस्सा बनकर गौरवान्वित है, और हम शिक्षा में उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे भी जारी रखेंगे।” उनके इन शब्दों के साथ पूरा परिसर गर्व, प्रेरणा और आशा की भावना से गूंज उठा। इस प्रकार, रीजनल लेवल का सीबीएसई स्किल एक्सपो और गाइडेंस फेस्टिवल 2025 डीपीएस रांची के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि और विद्यार्थियों के लिए एक नवाचार, ज्ञान और प्रेरणा का उत्सव बनकर सम्पन्न हुआ।


