रांची के अखबारों की सुर्खियां : जमशेदपुर व गिरिडीह में कोरोना के दो संदिग्ध मरीज, संजीवनी का डायरेक्टर अरेस्ट, अन्य खबरें

रांची : रांची के अखबाारों में कोरोना का खौफ ही सबसे बड़ी खबर है. इसके अलावा अन्य खबरों को भी अखबारों ने महत्व दिया है.

प्रभात खबर की लीड खबर है: कोरोना से देश में दूसरी मौत : आधा भारत बंद, झारखंड में सार्वजनिक कार्यक्रमों पर लगी रोक. अखबार ने लिखा है कि कोरोना 12 राज्यों में फैल गया है. अमेरिका में इसे नेशनल इमरजेंसी घोषित किया गया है. अखबार ने एक दूसरी खबर दी है कि सेंसेक्स 1325 अंक चढ और बाजार फिलहाल संकट से उबर गया है. अखबार के कवर पेज – 2 पर लीड खबर है – डीवीसी को मिले 400 करोड़, फिर भी काटी जा रही बिजली, लोग गुस्से में. हजारीबाग में गुस्साये छात्रों ने मालगाड़ी की आवाजाही रोकी. एक खबर है: बार काउंसिल ने राज्य 7946 वकीलों के काम पर लगायी रोक. राज्यसभा की दूसरी सीट के लिए भाजपा के दीपक प्रकाश व कांग्रेस के शहजादा अनवर द्वारा पर्चा भरने की भी खबर है. अखबार ने खबर दी है कि जमशेदपुर स्थित इंडो डेनिश टूल रूम के डीजीएम आशुतोष कुमार के पारिवारिक सदस्यों ने बैंकों से लिए कर्ज को एक ही दिन में चुका दिया. सीबीआइ आय से अधिक की संपत्ति मामले की जांच कर रही है. एक खबर है कि झारखंड में एजुकेशन ग्रिड बनाने की तैयारी की जा रही है. राज्य सेवा के 35 अफसरों के तबादले की खबर संक्षेप में है. वहीं, संजीवनी बिल्डकाॅन के निदेशक श्याम किशोर गुप्ता की गिरफ्तारी की खबर भी प्रमुखता से है. कंपनी पर 80 करोड़ रुपये के मनी लाउंड्रिंग का आरोप है. अखबार ने यह खबर भी दी है कि हजारीबाग में गैस रिसाव की जांच एनडीआरएफ की टीम ने शुरू की है.

हिंदुस्तान ने भी कोरोना को बड़ी खबर बनाया है. अखबार ने लिखा है कि यह बीमारी पांच राज्यो में महामारी घोषित कर दी गयी है. सात राज्यों ने स्कूल-काॅलेज बंद करने का निर्णय लिया है. कई राज्यों ने सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है. कोरोना से बेजार चल रहे शेयर बाजार की खबर है: शेयर बाजार में गिरावट के बाद कारोबार 45 मिनट ठप. अखबार ने खबर दी है कि कोरोना के भय से झारखंड में सेना भर्ती, सरकार आपके द्वार कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं. वहीं, बिहार में शिक्षण संस्थान एवं सिनेमा घर 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं. अखबार ने खबर दी है कि जमशेदपुर व गिरिडीह में कोरोना के संदिग्ध मरीज मिले हैं. गिरिडीह में दिल्ली से लौटे देवरी के एक व्यक्ति में ऐसे लक्षण मिले हैं, तो जमशेदपुर में मलेशिया से लौटे 70 साल के एक व्यक्ति में ऐसे लक्षण पाए गए हैं.

दैनिक जागरण ने भी कोरोना को लेकर ही लीड खबर बनाया है. शीर्षक दिया है: कोरोना कर्फ्यू. अखबार ने खबर दी है कि इसी वजह से आइपीएल 15 अप्रैल तक टला, वनडे रद हो गया है. अखबार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील को अहमियत दी है कि कोरोना वायरस से सार्क देश मिल कर लड़ें. अखबार से खबर दी है कि इटली से धनबाद आए आठ लोगों की सघन निगरानी हो रही है, बाबूलाल मरांडी ने मांग की है कि सरकार राज्य के स्कूल काॅलेज बंद कर दे. अखबार ने यह संभावना जतायी है कि राज्य में स्कूल काॅलेज बंद किए जा सकते हैं, वहीं मुख्य सचिव ने कहा है कि कोरोना को हौवा नहीं बनने दें. भाजपा एवं कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी द्वारा पर्चा भरने की खबर भी पहले पन्ने पर है. वहीं, संजीवनी बिल्डकाॅन के निदेशक की गिरफ्तारी की खबर भी अखबार ने पहले पन्ने पर छापी है

अखबार ने अपने कवर पेज दो पर दो अहम खबरें दी हैं एक यह कि राज्य सरकार ने डीवीसी को 400 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. यह खबर डीवीसी द्वारा पाॅवर कट के संबंध में है. इससे यह उम्मीद बंधी है कि शायद सात जिलों में कटौती कम हो. वहीं, दूसरी खबर है कि केंद्रीय कैबिनेट ने केंद्रीय कर्मियों व पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ते चार प्रतिशत बढा दिया जो इस साल की पहली तारीख से ही प्रभावी होगा. एक खबर है कि जीएसटी काउंसिल की आज बैठक होगी.

दैनिक भास्कर ने भी कोरोना वायरस को ही लीड खबर के रूप में छापा है. लेकिन, टाॅप बाॅक्स में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में शुरू हुए टकराव को जगह दी है. विधायक इरफान अंसारी ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह पर हमला बोलते हुए कहा है कि शहजादा को राज्यसभा का टिकट देकर पार्टी ने अल्पसंख्यकों को लाॅलीपाॅट थमाया है, इस पर आरपीएन ने कहा है कि इरफान कार्रवाई के लिए बाध्य नहीं करें, सूबे में ठेकेदारी नहीं चलेगी. राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशियों के पर्चा भरने की खबर है और विधायकों का समीकरण समझाने का प्रयास भी अखबार ने किया है. यह खबर भी है कि 200 करोड़ भरने के बाद भी डीवीसी ने काटी 18 घंटे बिजली. कोरोना वायरस से देश में दूसरी मौत की खबर अखबार में हैं. दिल्ली की वृद्धा ने दम तोड़ दिया है. कोरोना से जुड़ी लीड खबर का शीर्षक है: 12 राज्यों में स्कूल व काॅलेज, रांची में सीयूजे 31 तक बंद. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने आग्रह किया है कि आदिवासियों को जनगणना में धर्म लिखने की अनुमति मिले. संजीवनी बिल्डकाॅन के निदेशक की गिरफ्तारी व केंद्रीय कर्मचारियों का डीए चार प्रतिशत बढने की खबर भी संक्षेप में है. मध्यप्रदेश घटना क्रम की खबर है: राज्यपाल से मिले कमलनाथ, सिंधिया समर्थक छह मंत्री हटाए गए. वहीं, यह खबर भी है कि एमजीएम अस्पताल मंे महिला से दुष्कर्म पर सदन में हंगामा.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More