Ramgarh News: जेएसएलपीएस की पहल: पोषण पखवाड़ा में ग्रामीणों को संतुलित आहार का संदेश

रामगढ़: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में पोषण पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक जिले भर में विभिन्न जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में ग्राम संगठन (वीओ) एवं संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) की बैठकों में पारंपरिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री का प्रदर्शन कर समुदाय को संतुलित आहार एवं पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सोमवार 21 अप्रैल को गोला प्रखंड कार्यालय में भी इसी क्रम में जागरूकता कार्यक्रम सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखण्ड के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रीना गुप्ता, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक बिपिन सिंह सहित आईसीडीएस के सुपरवाइजर विमला कुमारी, किरण महतो, चित्रलेखा कुमारी एवं अन्य अधिकारी, सभी संकुल संगठन की सेतु दीदी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित हुई।
कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों द्वारा पोषण से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही पोषण से जुड़ी कहानियाँ एवं दादी-नानी की पारंपरिक जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर खाद्य विविधता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
जिले के विभिन्न आँगनबाड़ी केंद्रों में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन एवं जेएसएलपीएस के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
सुजीत सिन्हा


