रामगढ़: सीधी बात में उपायुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं

रामगढ़: उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सीधी बात कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में जनसंवाद में आये कुल 15 मामलों को चयनित किया गया था। जिसमे कुल 7 मामलों की समीक्षा डीसी ने की। कार्यक्रम में सात मामलों के शिकायतकर्ताओं को भी बुलाया गया था। इस बाबत पहला मामला सावित्री कुमारी से संबंधित था, जो मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ नहीं मिलने से संबंधित था। इस बाबत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर सारी प्रक्रिया पूरी कर राशि के भुगतान हेतु बैंक को भेज दिया गया है।
मुनिलाल महतो द्वारा मनरेगा के तहत वितिय वर्ष 2016-17 में सिंचाई हेतु कूप निर्माण करने के बाद भी पूर्ण राशि का भुगतान नहीं किये जाने की शिकायत की गई। जिस पर दुलमी की प्रखण्ड विकास पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सरकार द्वारा सामग्री मद्द में राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। साथ ही उक्त योजना के डी.पी.आर एंट्री के कुछ त्रुटी पाई गई है। जिसे जल्द से जल्द ठीक कराने हेतु जिला एवं राज्य स्तरीय पदाधिकारियों से संपर्क किया गया है। गोला की दुलारी देवी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने के संबंध में शिकायत की गई। जिस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी गोला ने बताया कि आवेदनकर्ता का नाम डेटा में नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। रामगढ़ की रोशनी तिर्की द्वारा विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिलने के संबंध में शिकायत की गई जिस पर अंचल अधिकारी रामगढ़ द्वारा बताया गया कि वर्तमान में राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना हेतु लक्ष्य प्राप्त नहीं है।
इसी कारण से शिकायतकर्ता को पेंशन का लाभ नहीं दिया जा सका है। पतरातू के राहुल कुमार द्वारा शिकायत की गई थी कि उन्हें दिव्यांगता पेंशन की स्वीकृति नहीं मिली है। जिस पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पतरातू द्वारा बताया गया कि पेंशन की स्वीकृति हो गयी है। भुगतान हेतु जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को भेजा गया है। पतरातू के ही रमेश महली द्वारा भी दिव्यांगता पेंशन की स्वीकृति नहीं मिलने की शिकायत की गई। जिस पर की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पतरातू द्वारा बताया गया कि बी.पी.एल श्रेणी में नहीं आने के कारण शिकायतकर्ता को इंद्रा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ नहीं दिया जा सकता है।
इन्हें राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से लाभ देने हेतु अभिलेख स्वीकृति हेतु अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ को भेज दिया गया है। चितरपुर प्रखंड के सुक्रिगढ़ा ग्राम पंचायत के निवासी बसंत साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिए जाने की शिकायत की, जिस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चितरपुर ने बताया कि शिकायतकर्ता का नाम डाटा में दर्ज है, लेकिन पंचायत सचिव द्वारा दिये गए प्रतिवेदन में शिकायतकर्ता का पक्का मकान होने की बात कही गयी है। इसी कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं दिया जा सका है। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, भू-अर्जन पदाधिकारी, जनसंपर्क पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, शिकायतकर्ताओं सहित कई लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More