रामगढ़: भाजपा के सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रंजन सिंह छोटन ने बुधवार को एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि छावनी परिषद रामगढ़ के मुख्य अधिकारी सपन कुमार के द्वारा रामगढ़ के जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता के साथ दुर्व्यवहार करने की उन्हें लगातार शिकायत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी का जनता के साथ इस तरह का व्यवहार अत्यंत ही निंदनीय है एवं इस तरह का व्यवहार सरकार की छवि को खराब करती है। हमारे राज्य के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री वीआईपी कल्चर के सख्त खिलाफ है एवं अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि वह जनता की भावनाओं का ख्याल रखें एवं जनप्रतिनिधियों की बात को मर्यादा पूर्वक सुने। छावनी परिषद क्षेत्र में साफ सफाई से लेकर अनेको जनसुविधा के कार्य संतोषजनक तरीके से नहीं हो पा रहा है। छावनी परिषद क्षेत्र के जनता के द्वारा दिए गए टैक्स से विकास के कार्य नहीं हो पा रहे हैं एवं जनता गंदगी से परेशान है। इस बात को क्षेत्र के सांसद जयंत सिन्हा एवं कैंटोनमेंट बोर्ड के अध्यक्ष के समक्ष गंभीरतापूर्वक रखने के अलावे कार्रवाई की मांग की जाएगी ।