पाकुड़ के रेल यात्रियों को मिल सकती है बड़ी राहत, नई मेमू ट्रेन और काजीरंगा एक्सप्रेस ठहराव पर रेलवे का सकारात्मक संकेत

पाकुड़: ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक से मुलाकात कर पाकुड़ सहित संताल परगना के रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने पाकुड़ से नई मेमू ट्रेन चलाने, काजीरंगा एक्सप्रेस का पाकुड़ स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने, रेलवे फाटक पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण तथा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी।
महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, कई मांगों पर सकारात्मक पहल करने और शीघ्र कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
एसोसिएशन ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से पाकुड़ और आसपास के हजारों रेल यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की रेल सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
यात्रियों ने भी रेलवे के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए जल्द ठोस निर्णय की उम्मीद जताई।


