बरहरवा रेल प्रशासन का सराहनीय कदम, प्लेटफॉर्म संख्या- 2 पर ठंडे पानी की सुविधा

साहिबगंज : मालदा रेलमंडल अंतर्गत बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठंडे पेयजल (चिल्ड वाटर) की व्यवस्था की गई है। अब यात्रियों को गर्मी के मौसम में साफ और ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा, जिससे सफर के दौरान उन्हें काफी राहत मिलेगी। दैनिक यात्रियों की इस महत्वपूर्ण जरूरत को पूरा करने के लिए रेल प्रशासन का यह कदम सराहनीय है। यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में स्टेशन पर यात्रियों के लिए और भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी को देखते हुए मालदा रेल मंडल की ओर से बरहरवा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर नए वाटर कूलर लगाए गए हैं। कुछ दिन पहले रेलवे के अधिकारियों ने मुआयना के दौरान प्लेटफार्म संख्या एक व दो पर दो नए वाटर कूलर लगाने की बात कही थी। दिन के समय यात्रियों की संख्या अधिक होने पर पहले लगे एक नल पर यात्रियों की लंबी कतार लग जाती थी, लेकिन नए वाटर कूलर लगने के बाद यात्रियों को काफी सहूलियतें हो गई हैं।


