मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार का भविष्य नहीं: शाहनवाज हुसैन

रांची: राजधानी के हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वे किसी निजी कारण से रांची आये हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश कोरोना वायरस को लेकर एहतियात बरत रहा है। झारखंड के लोग भी इस वायरस को लेकर सावधानी बरतें।
हुसैन ने कहा कि कोरोना वायरस को डब्ल्यूएचओ ने महामारी घोषित किया है। इसे लेकर लोगों को सावधान रहने की जरुरत है। उन्होंने बताया कि दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले कोरोना वायरस से लड़ने के लिए भारत सक्षम व मजबूत है। साथ ही लोगों से अपील करते हुए शाहनवाज ने कहा कि अधिक से अधिक हाथ धोए, क्योंकि जितना हाथ धोएंगे, उतना कोरोना को धो पाएंगे।
इसके बाद कांग्रेस पर हमला करते हुए हुसैन ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार का भविष्य नहीं है। कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया का भाजपा में स्वागत है। वे अब अपने घर में आ चुके हैं। वहीं उन्होंने एनआरसी, एनपीआर और सीएए के ख़िलाफ़ धरने पर बैठी महिलाओं से आग्रह किया कि कोरोना वायरस से बचें। धरना बेवजह किया जा रहा है। इसका कोई मतलब नहीं है। कहा कि देश के मुसलमानों को आज बहकाया जा रहा है। कहा कि हिन्दू से अच्छा दोस्त और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा इंसान उन्हें कहीं नहीं मिल सकता।


