साहिबगंज पुलिस में बड़ा फेरबदल, सदर SDPO समेत कई अफसरों का तबादला

साहिबगंज में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने झारखंड में 201 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला करते हुए साहिबगंज जिले की पुलिसिंग की जिम्मेदारी नए अधिकारियों को सौंपी है।

साहिबगंज: गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने बुधवार को राज्य में कानून व्यवस्था को और धार देने के लिए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया। जारी अधिसूचना के तहत राज्यभर में 201 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया गया। इस सूची में साहिबगंज जिले की पुलिसिंग की कमान भी नए हाथों में सौंपी गई है।

जारी सूची के अनुसार, साहिबगंज विशेष शाखा में तैनात पुलिस उपाधीक्षक सुशील कुमार को साहिबगंज सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। परिवीक्षाधीन डीएसपी रविकांत साव को साहिबगंज पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, मुख्यालय डीएसपी विजय कुशवाहा को IRB- 04, लातेहार भेज दिया गया है। जबकि सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की को अब नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की नई जिम्मेदारी दी गई है।

तबादला सूची में झारखंड सशस्त्र पुलिस- जैप 09 को भी मजबूती दी गई है। वहां 5 नए डीएसपी की पोस्टिंग की गई है। इनमें अजय केरकेट्टा, समीर कुमार सवैयां विनोद रवानी, मनोज कुमार झा और शंभू प्रसाद गुप्ता शामिल हैं। पुलिस महकमे के सूत्रों की मानें तो यह रूटीन ट्रांसफर नहीं, स्ट्रैटेजिक शफलिंग है। स्थापना दिवस मना रहे साहिबगंज जैसे संवेदनशील जिलों में पशु तस्करी, अवैध खनन और सीमावर्ती अपराध पर नकेल कसने के लिए फ्रेश टीम उतारी गई है।

 नए अधिकारियों के सामने चुनौती बड़ी है। जिले में बढ़ते अपराध, छिनतई, साइबर क्राइम, अवैद्य खनन, अवैद्य शराब और बोरियो के रास्ते पशु तस्करी पहले से मुंह बाए खड़े हैं। अब देखना होगा कि नई टीम फाइलों से निकलकर जमीन पर कितनी ‘एक्शन’ दिखाती है। तबादले तो होते रहते हैं, पर साहिबगंज की जनता को वर्दी नहीं, नतीजे चाहिए।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More