पुलिस स्‍मृति दिवस पर शहीदों को नमन, रक्तदान कर श्रद्धांजलि

रांची: कर्तव्य का पालन करते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले बहादुर पुलिस कर्मियों की स्मृति में सोमवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। सीआरपीएफ के अधिकारियों व जवानों ने जहां 210 यूनिट रक्त दिया तो राजधानी के पुलिस लाइन में सम्मान समारोह का आयोजन कर एसएसपी अनीश गुप्ता के अलावे कई अधिकारियों व जवानों ने शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर में आहूत कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक संजय आनंद लाटकर ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित जवानों को संबोधित किया। पुलिस महानिरीक्षक ने शहीदों के स्मारक पर माल्यार्पण करने के बाद कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख में चीनी आक्रमण के दौरान सीआरपीएफ के 10 जवानों ने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं के स्मरण में यह दिवस मनाया जाता है। बताया गया कि पिछले एक वर्ष में कुल 292 जवान (अर्धसैनिक बल व राज्य पुलिस बल के जवान) शहीद हुए हैं।
पुलिस लाइन में सम्मान समारोह
शहीद संस्मरण दिवस के मौके पर रांची पुलिस लाइन में एसएसपी अनीश गुप्ता समेत कई अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर शहीदों के परिजन को एसएसपी ने सम्मानित करते हुए उनका हालचाल जाना। इस बाबत एसएसपी के अलावा सिटी एसपी हरिलाल चौहान व ट्रैफिक एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग के अलावा अन्य कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More