पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रिंस खान गिरोह के दो गुर्गे गिरफ्तार

पलामू : पुलिस को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। शहर के हृदय स्थल पंचमुहान चौक स्थित ‘गोल्ड हाउस’ के मालिक रंजीत कुमार सोनी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और फायरिंग की साजिश रचने के आरोप में पुलिस ने दो अपराधियों को धर दबोचा है। गिरफ्तार अभियुक्तों का सीधा संपर्क दुबई में बैठे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान से पाया गया है।
क्या है पूरा मामला
बीते 21 दिसंबर 2024 को गोल्ड हाउस के संचालक रंजीत कुमार सोनी को व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए प्रिंस खान के नाम से धमकी मिली थी। गैंगस्टर ने एक करोड़ रुपये की मांग की थी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में शहर थाना (कांड संख्या 553/2025) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सुरागों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 25 दिसंबर को नगर निगम के निर्माणाधीन भवन और कांग्रेस भवन के समीप घेराबंदी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
मो. नाजीम (25 वर्ष): निवासी पहाड़ी मोहल्ला, मेदिनीनगर। (इसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है)। मुर्तजा अंसारी (28 वर्ष): निवासी पहाड़ी मोहल्ला, मेदिनीनगर।
दुबई से भेजी गई थी ‘फायरिंग’ के लिए रकम
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि प्रिंस खान ने दुकान के पास दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करने का निर्देश दिया था। इसके लिए 22 दिसंबर को मो. नाजीम के बैंक खाते में 24,000 रुपये भी भेजे गए थे। फायरिंग की घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने इन्हें दबोच लिया।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और वाहन बरामद किए हैं:
हथियार: 02 देशी कट्टा, 02 जिंदा गोली। वाहन: एक वैगनआर कार (JH01BM-0857) और एक पल्सर बाइक (JH01FC-8052)। अन्य: 02 मोबाइल फोन, लोहे का पाइप और पीड़ित की दुकान की एक पर्ची।
चतरा में भी थी हमले की योजना
अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि पलामू में घटना को अंजाम देने के बाद उन्हें चतरा जिले के हंटरगंज क्षेत्र में भी स्थानीय गुर्गों के साथ मिलकर दहशत फैलाने का काम सौंपा गया था।


