एक बार फिर माओवादियों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

गिरिडीह: बुधवार की रात एक बार फिर हथियार बंद माओवादियों ने पीरटांड़ थाना क्षेत्र के बांध पंचायत अंतर्गत हरकतावा नदी पुल पर सड़क निर्माण में लगी मशीनों को आग के हवाले कर दिया। इस चिरकी- पलमा- राजगंज सड़क निर्माण का कार्य गणेश यादव कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा था, जहाँ दर्जन भर से अधिक नक्सली सड़क निर्माण कार्य को बाधित करने के उद्देशय से पहुंचे और मजदूरों के बीच दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध फ़ायरिंग शुरू कर दी। हालाँकि किसी के आहत होने की खबर नहीं मिली है। फायरिंग के बाद मओवादियों ने मजदूरों को मौके से भगा दिया और सड़क निर्माण में लगी सभी मशीनों को एक- एक कर आग के हवाले का दिया। बीते 24 घंटे के अंदर माओवादियों द्वारा ये दूसरी घटना को अंजाम दिया गया है।
इस घटना से ठीक एक दिन पूर्व माओवादियों ने मंगलवार की रात पीरटांड थाना क्षेत्र के बांध पंचायत अंतर्गत केंदुआडीह बस्ती निवासी आप पार्टी के नेता 25 वर्षीय चुड़का बास्के को पुलिस मुखबिर करार देकर गोली मारकर उसकी हत्या कर उसके शव को चिरकी नदी पूल के निकट बीच सड़क पर फेंक दिया था जिसकी जांच- पड़ताल अभी भी जारी है।
इन दो मुख्य घटनाओं से पहले भी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र जीतकुंडी पंचायत के कानाडीह में रविवार देर रात एक व्यक्ति की हत्या भाकपा माओवादियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगा, गोली मारकर कर दी थी। सूचना मिलने पर सोमवार के अहले सुबह एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह, सीआरपीएफ मधुबन कैंप के कमांडेंट संजय कुमार सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया।
इन सभी घटनाओं से ग्रामीण पूरी तरह दहशत में हैं, कोई भी कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। चुड़का बास्के की हत्या से पूरा गाँव गहरे शोक में है और परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक सह गिरिडीह लोकसभा प्रत्याशी जगरनाथ महतो, जिप सदस्य भोला सिंह गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना दिया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More