Palamu News: NEET-UG में AIR 7553 लाकर मंटू ने बढ़ाया मान, नगर अध्यक्ष ने किया सम्मानित
-1024x614.jpeg)
पलामू: छतरपुर प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए छतरपुर प्रखंड के ग्राम पिंडराही निवासी मंटू कुमार यादव ने पहली ही कोशिश में NEET-UG परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7553 हासिल की है। उनकी इस सफलता से पूरे छतरपुर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ‘चुनमुन’ ने मंटू कुमार यादव को अपने हेल्पलाइन सेंटर में आमंत्रित कर गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर अध्यक्ष ने उन्हें मिठाई खिलाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने कहा कि मंटू कुमार यादव की सफलता यह साबित करती है कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण परिवेश से भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उनकी यह सफलता छतरपुर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंटू कुमार यादव भविष्य में एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।
मंटू कुमार यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक योग्य चिकित्सक बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी मंटू को बधाई देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


