Palamu News: राज छुपाने के लिए दूसरी हत्या… आखिर कौन है ये बेरहम आरोपी?

Palamu में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। ₹1300 की लूट के लिए आरोपी ने पहले शंकर राम की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव जला दिया।

पलामू: पलामू पुलिस ने जनवरी माह में शहर और चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सनसनीखेज हत्याओं की गुत्थी सुलझा ली है। महज़ 1300 रुपये की लूट और पकड़े जाने के डर से एक ही रात में दो हत्याओं को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विवरण

16 जनवरी 2026 को पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से शव बरामद किए थे: चैनपुर थाना क्षेत्र: रैनीबांध तालाब के पास से शंकर राम (37 वर्ष, निवासी मिशन स्कूल रोड) का अधजला शव मिला था।

शहर थाना क्षेत्र: डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पुल के सामने एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। दोनों ही मामलों में मृतकों के सिर को पत्थर से कूचकर बेरहमी से हत्या की गई थी।

ऐसे हुआ दोहरे हत्याकांड का खुलासा

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान चुनमुन चौधरी (25 वर्ष, निवासी कल्याणपुर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पूरी कहानी बयां की:

पहली हत्या: 15 जनवरी की शाम आरोपी चुनमुन अपने साथी ‘करीवा उर्फ छोटू’ और मृतक शंकर राम के साथ गांजा पी रहे थे। चुनमुन को पता चला कि शंकर के पास 1300 रुपये हैं। पैसे लूटने के इरादे से वे शंकर को बहला-फुसलाकर रैनीबांध के पास ले गए। वहां पत्थर से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए माचिस से कपड़ों में आग लगा दी।

दूसरी हत्या: लूट के पैसों के बंटवारे को लेकर चुनमुन और उसके साथी करीवा के बीच विवाद हो गया। करीवा ने पुलिस को सब बताने की धमकी दी। पकड़े जाने के डर से चुनमुन ने करीवा को रेलवे स्टेशन के पास ले जाकर उसी तरह पत्थर से कूचकर उसकी भी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस की बरामदगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक शंकर राम का लूटा गया पर्स, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो बरामद कर लिया है। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More