Palamu News: उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का किया निरीक्षण

पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर के वार्ड-23 में बन रहे इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल और जिम एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए ओपन कैफेटेरिया, हरित क्षेत्र और रिलैक्सिंग चेयर की व्यवस्था समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

पलामू: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को मेदिनीनगर शहर के वार्ड-23 स्थित निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम परिसर में विकसित की जा रही विभिन्न खेल एवं जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट एवं जिम एरिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं से निर्माण की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली तथा सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों एवं आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रिलैक्सिंग चेयर की व्यवस्था, ओपन कैफेटेरिया तथा परिसर के ग्राउंड में पर्याप्त संख्या में पेड़-पौधे लगाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल परिसर को केवल खेल गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए इसे बेहतर वातावरण एवं सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाए, ताकि खिलाड़ियों और आम लोगों को यहां आने पर बेहतर अनुभव मिल सके।

उन्होंने परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। खुले स्थानों में योजनाबद्ध तरीके से पौधरोपण, हरित क्षेत्र विकसित करने तथा बैठने एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच करते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि इंडोर स्टेडियम के पूर्ण होने से जिले के खिलाड़ियों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निरीक्षण के दौरान मेदिनीनगर नगर निगम के आयुक्त रंजीत लाल, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता,  संबंधित अभियंता एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। 

 

 

 

 

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More