Pakur News: ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पाकुड़ पुलिस ने लौटाए 28 गुमशुदा मोबाइल, लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

पाकुड़: जिला पुलिस द्वारा “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुमशुदा हुए 28 मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी और संतोष की मुस्कान लौट आई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस अभियान में भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा शुरू किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर’ (CEIR Portal) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल के IMEI नंबर को देश के सभी टेलीकॉम नेटवर्क पर ट्रैक और ब्लॉक किया जाता है।
इस विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 28 मोबाइल बरामद किए गए। इनमें पाकुड़िया थाना से 10, महेशपुर थाना से 7, मुफस्सिल थाना से 3, नगर थाना से 2, रद्दीपुर ओपी से 2, मालपहाड़ी ओपी से 2, अमड़ापाड़ा थाना से 1 और लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र से 1 गुमशुदा मोबाइल शामिल हैं।
पाकुड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी या गुम हुए अन्य मोबाइलों की बरामदगी के लिए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। इस पूरी प्रक्रिया को सफल बनाने में विभिन्न थानों के प्रभारियों सहित पुलिस की तकनीकी शाखा एवं CCTNS टीम के अधिकारियों व कर्मियों ने मुख्य भूमिका निभाई।


