Pakur News: पंचायत भवन में जल सहियाओं की समीक्षा बैठक, ओडीएफ प्लस योजनाओं पर मंथन
-1024x614.jpeg)
पाकुड़: प्रखंड के पंचायत भवन में जल सहियाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीण स्वच्छता एवं ओडीएफ प्लस (ओपन डिफिकेशन फ्री प्लस) अभियान के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक का उद्देश्य गांवों में स्वच्छता संबंधी कार्यों को गति देना तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना रहा।
बैठक में अधिकारियों ने नाडेप (जैविक खाद गड्ढा) निर्माण, सोक पिट, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) तथा अन्य स्वच्छता संबंधी योजनाओं की पंचायतवार समीक्षा की। इस दौरान जहां कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई, वहीं जिन क्षेत्रों में अपेक्षित गति नहीं है, वहां शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने जल सहिया दीदियों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें तथा प्रत्येक परिवार को स्वच्छता अभियान से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से ही नहीं, बल्कि जनसहभागिता और व्यवहार परिवर्तन से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव का निर्माण संभव है।
बैठक में जल सहियाओं से कहा गया कि वे घर-घर संपर्क कर लोगों को कचरे के उचित निस्तारण, गीले एवं सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रह, सोक पिट के उपयोग, जैविक खाद निर्माण तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करें। साथ ही गांवों में स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान संबंधित विभाग तक समय पर पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओडीएफ प्लस अभियान का उद्देश्य केवल खुले में शौच से मुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित कर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है। इसके लिए सभी जल सहियाओं को सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है।
बैठक के अंत में सभी जल सहियाओं से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निगरानी रखने, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक करने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जल सहियाओं के सहयोग और ग्रामीणों की भागीदारी से ओडीएफ प्लस अभियान के सभी लक्ष्य समय पर पूरे किए जा सकेंगे।


