Pakur News: भारी व्यावसायिक वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान, करीब 80 हजार रुपये का ई-चालान निर्गत
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
पाकुड़: उपायुक्त, पाकुड़ के आदेशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी, पाकुड़ मो. मोजाहिद अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, माइनिंग इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह एवं नवीन कुजूर तथा जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में 14 अगस्त 2026 को पाकुड़ शहर से अमड़ापाड़ा मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में परिवहन किए जा रहे भारी व्यावसायिक वाहनों के दस्तावेजों और सड़क सुरक्षा मानकों की जांच करना था। इस दौरान वाहनों के माइनिंग चालान, ओवरलोडिंग, तिरपाल से ढके होने, नंबर प्लेट, वाहन बॉडी में किए गए अनधिकृत अल्टरेशन, अतिरिक्त रूप से लगाए गए हाई बीम लाइट, प्रेशर हॉर्न, वाहन चालक के वैध हेवी ड्राइविंग लाइसेंस सहित मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य मानकों की जांच की गई।
जांच के क्रम में करीब 5 से 7 भारी व्यावसायिक वाहन मोटर वाहन अधिनियम, 1988 (यथासंशोधित) की विभिन्न धाराओं का उल्लंघन करते पाए गए। विशेष रूप से कोयला एवं गिट्टी के परिवहन के दौरान वाहनों में तिरपाल नहीं लगाए जाने तथा अन्य नियमों के उल्लंघन के मामलों में संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान निर्गत किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान करीब 80 हजार रुपये की दंड राशि का ई-चालान निर्गत किया गया। संबंधित वाहन चालकों को निर्देश दिया गया कि वे निर्गत ई-चालान की राशि का भुगतान सरकार द्वारा निर्धारित आधिकारिक ई-चालान पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समयावधि में करें।
जिला प्रशासन एवं जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ ने सभी भारी व्यावसायिक वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि वाहन संचालन के दौरान वैध दस्तावेज, निर्धारित भार सीमा, उचित नंबर प्लेट, तिरपाल, वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य सभी सड़क सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


