Pakur News: गंधाईपुर में उप स्वास्थ्य केंद्र की मांग तेज: जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

पाकुड़: सदर प्रखंड अंतर्गत गंधाईपुर पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने इस संबंध में उपायुक्त एवं सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपकर पंचायत क्षेत्र में जल्द उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गंधाईपुर पंचायत और आसपास के गांवों की बड़ी आबादी आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। ग्रामीणों को इलाज, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पिंकी मंडल ने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने के कारण समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे कई बार मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है। उन्होंने कहा कि पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए जल्द भूमि चयन एवं निर्माण प्रक्रिया शुरू कराई जाए, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। वहीं ग्रामीणों ने भी उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग का समर्थन करते हुए जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।


