Pakur News: ट्राई ब्रेकर में बंगाल टाइगर ने मारी बाजी, खुर्दी को हराकर जीता खिताब

बासित कुंडी: 4G स्मार्ट क्लब बासित कुंडी चोरी टोला के तत्वावधान में आयोजित ‘जेनर कपड़ा बॉल’ फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन बुधवार को हुआ। इस रोमांचक टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में एफसी बंगाल टाइगर ने एफसी जूनियर टाइगर खुर्दी को पेनल्टी ट्राई ब्रेकर के जरिए हराकर जीत का परचम लहराया।
प्रतियोगिता का फाइनल मैच काफी संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का निर्णय ट्राई ब्रेकर के माध्यम से लिया गया। इसमें बेहतर प्रदर्शन करते हुए एफसी बंगाल टाइगर ने जीत हासिल की। विजेता टीम (एफसी बंगाल टाइगर) को 50,000 रुपये और उपविजेता टीम (एफसी खुर्दी) को 40,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि मास्टर सुशील मुर्मू उपस्थित हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह आपसी भाईचारे और अनुशासन की भावना भी बढ़ाता है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति टूर्नामेंट के सफल आयोजन में क्लब के सचिव भावेश मुर्मू और अध्यक्ष मैनुअल हेंब्रम की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर माणिक पुलिस, योगेश टुडू, विनोद हेंब्रम, भावेश टुडू, संजय हसदा, बसंती हसदा (मुखिया, बासित कुंडी पंचायत), परमेश्वर मुर्मू (ग्राम प्रधान), सहित क्लब के अनेक सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।


