Pakur News: उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने चार आश्रितों को सौंपे अनुकंपा नियुक्ति पत्र

पाकुड़ समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अनुकंपा समिति की अनुशंसा पर मृत सरकारी सेवकों के चार आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उपायुक्त ने नव नियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए पूरी ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना से काम करने की अपील की।

पाकुड़: अनुकंपा नियुक्ति के माध्यम से जिले के चार परिवारों को नई उम्मीद मिली है। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अनुकंपा नियुक्ति समिति की 4 अगस्त 2026 को की गई अनुशंसा के आलोक में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

उपायुक्त ने चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाहरणालय, पाकुड़ में खोकन लेट को सहायक सह कंप्यूटर संचालक, शीला माल को अनुसेवक तथा सरवन राय को अनुसेवक के पद पर नियुक्त किया गया। वहीं शिक्षा विभाग में समीर मरांडी को निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक पद पर नियुक्ति की अनुशंसा की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति महज रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को संबल प्रदान करने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को पूरी ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

उपायुक्त ने कहा कि सरकारी सेवा समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी नव नियुक्त कर्मियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा अपने कार्यों के माध्यम से विभाग और जिला प्रशासन की गरिमा को और मजबूत करने की अपेक्षा जताई।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More