Pakur News: समाहरणालय परिसर में जनता दरबार आयोजित

पाकुड़: समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएँ प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान जमीन विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, सड़क मरम्मत समेत कई मामलों से संबंधित आवेदन दिए गए। जनता दरबार की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने एक-एक कर सभी आवेदनों को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जांच कर शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए तथा अधिकतम एक सप्ताह के भीतर उसकी प्रतिपुष्टि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें मौके पर ही निपटाने का प्रयास किया जाए। जनता दरबार में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और कई मामलों पर तुरंत पहल करते हुए आवेदकों को आवश्यक जानकारी भी दी गई। प्रशासन की इस पहल से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला।


