Pakud News : महेशपुर के दमदमा में क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल, गदरपाड़ा बनी विजेता

महेशपुर के दमदमा गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गदरपाड़ा टीम ने मुरारई को हराकर खिताब अपने नाम किया।

महेशपुर : महेशपुर प्रखंड के ग्राम दमदमा स्थित क्रिकेट मैदान में सिद्दो-कान्हु यूथ क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। फाइनल मैच का उद्घाटन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

फाइनल मुकाबला गदरपाड़ा बनाम मुरारई टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबले में गदरपाड़ा की टीम ने शानदार खेल का परिचय देते हुए मुरारई को पराजित किया और प्रतियोगिता की विजेता बनी। विजेता टीम गदरपाड़ा को 15,000 रुपये नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम मुरारई को 10,000 रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपासना मरांडी ने खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्रिकेट जैसे खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य करती हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की अपील की। कार्यक्रम में अभिषेक कुमार सिंह उर्फ गोलक, अजहरुल इस्लाम, मुहम्मद तौसीफ, विकास राजवंशी, सबीर, सुभान, प्रीतम सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More